जयपुर (विशेष संवाददाता)। राजधानी के मानसरोवर इलाके में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला 'हिट एंड रन' का मामला सामने आया है। वीटी रोड से रजत पथ मार्ग पर स्थित जनरल स्टोर के पास एक बेकाबू कार चालक ने अत्यधिक लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार मां-बेटी शांता देवी और मीनाक्षी मूलचंदानी को भीषण टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से तेजी से गाड़ी भगा ले गया।
रॉन्ग साइड से रिवर्स मोड में आई कार, मचा कोहराम
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार देर रात लगभग 12 बजे की है। पीड़िता शांता देवी अपनी बेटी मीनाक्षी मूलचंदानी के साथ स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर सामने से आ रही एक सफेद रंग की कार के चालक ने अचानक लापरवाही पूर्वक तेजी से गाड़ी को बैक किया और रॉन्ग साइड लाकर स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क के कंक्रीट डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना में शांता देवी और उनकी पुत्री मीनाक्षी के चेहरे, जबड़े और गर्दन पर खौफनाक चोटें आईं और वे सड़क पर ही खून से लथपथ होकर तड़पने लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
108 एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल, एसएमएस रेफर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर एकत्र हुए स्थानीय लोगों और राहगीरों ने 108 एम्बुलेंस को कॉल कर सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों जिंदगी और मौत के बीच झूल रही हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश जारी
घटना के संबंध में परिजनों की शिकायत पर मानसरोवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिनमें दुर्घटना के समय संदिग्ध वाहनों की आवाजाही कैद हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

