
जयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता जयप्रकाश बूलचंदानी)।
भारतीय जनता पार्टी गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई को पूरे राजस्थान में एक व्यापक सांस्कृतिक, धार्मिक और संगठनात्मक अभियान चलाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और भाजपा के प्रदेश व जिला पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे तथा संत-महंतों, पुजारियों व धर्मगुरुओं का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेताओं का कार्यक्रम निर्धारित
बगड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा डीग जिले के पूछरी स्थित विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ दिल्ली के प्राचीन कनॉट प्लेस हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे। प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार दिल्ली रोड स्थित खोले के हनुमान जी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद संतों का बहुमान करेंगे।
“भाजपा का यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत परंपरा के प्रति निष्ठा, सामाजिक समरसता और समाज को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास है।”
— श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश महामंत्री (भाजपा)
जयपुर के प्रमुख मंदिरों में पहुँचेगी भाजपा की पूरी टीम
गुरु पूर्णिमा पर जयपुर के प्रमुख धामों में वरिष्ठ नेता संत पूजन करेंगे:
वासुदेव देवनानी (विधानसभा अध्यक्ष): अमरापुर दरबार, जयपुर।
दीया कुमारी (उपमुख्यमंत्री): हाथोज धाम (दक्षिण मुखी बालाजी), कालवाड़ रोड।
श्रवण सिंह बगड़ी (प्रदेश महामंत्री): काले हनुमान जी मंदिर (चांदी की टकसाल) में महंत गोपालदास महाराज का सम्मान करेंगे।
अरुण चतुर्वेदी (अध्यक्ष, राज्य वित्त आयोग): प्रसिद्ध श्री गोविंद देव जी मंदिर।
अशोक परनामी (पूर्व प्रदेश अध्यक्ष): मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर।
राजेंद्र राठौड़ (पूर्व नेता प्रतिपक्ष): नंदपुरी हनुमान जी मंदिर।
मिथलेश गौतम (प्रदेश महामंत्री): हनुमान जी मंदिर, प्रताप नगर।
वाराणसी से आएगी भव्य कलश यात्रा
बगड़ी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर वाराणसी से एक विशेष कलश यात्रा निकाली जा रही है। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल वाराणसी से पवित्र कलश लेकर आएगा। राजस्थान सीमा पर भव्य स्वागत के बाद रथ के माध्यम से कलश जयपुर लाया जाएगा, जहाँ भव्य स्वागत समारोह आयोजित होगा।