जयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता जयप्रकाश बूलचंदानी)।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय (जयपुर पूर्व) के निजी सहायक (PA) मुकेश कुमार को परिवादी से 1,00,000/- (एक लाख) रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
वाहन बिल पास कराने के एवज में मांगी थी रिश्वत
एसीबी के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर ग्रामीण को परिवादी से एक लिखित शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया था कि परिवादी की फर्म द्वारा सरकारी परीक्षाओं के दौरान वाहन उपलब्ध कराए गए थे। इन वाहनों के बिलों का भुगतान (बिल पास) कराने की एवज में आरोपी निजी सहायक मुकेश कुमार परिवादी से 1,50,000/- रुपये की रिश्वत राशि मांगकर लगातार परेशान कर रहा था।
शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाने पर आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
कार्यालय कक्ष में 1 लाख रुपए लेते दबोचा
डीआईजी पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और एएसपी सुनील सिहाग के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक देवेन्द्र प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में गठित ट्रैप टीम ने दबिश दी। आरोपी मुकेश कुमार को उसके कार्यालय कक्ष में परिवादी से पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला दर्ज, पूछताछ व अनुसंधान जारी
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक श्रीमती एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। एसीबी द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (POCA) के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
एसीबी का संदेश:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी वैध कार्य की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर 24×7 संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।