सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को मिली नई दिशा

Spread the love

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को मिली नई दिशा

प्रशिक्षणार्थियों को सॉफ्ट स्किल, मीडिया प्रबंधन एवं सुरक्षा रणनीति का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के पांचवें दिन तनाव प्रबंधन, मीडिया समन्वय एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव

भोपाल

सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के उद्देश्य से पुलिस लाइन कम्युनिटी हॉल, भोपाल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के पांचवें दिन प्रशिक्षणार्थियों को तनाव प्रबंधन, सॉफ्ट स्किल, सुरक्षा योजना, सोशल मीडिया एवं मीडिया प्रबंधन तथा अस्थायी थानों की कार्यप्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए व्यावहारिक एवं व्यावसायिक रूप से तैयार करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विनीत कपूर ने “सॉफ्ट स्किल (तनाव प्रबंधन)” विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन में पुलिस बल को अत्यधिक दबाव एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी धैर्य, संयम एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करना होता है। उन्होंने संकट की परिस्थितियों में शांतचित्त रहकर निर्णय लेने, प्रभावी संवाद स्थापित करने, टीम भावना के साथ कार्य करने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। साथ ही श्रद्धालुओं, विदेशी पर्यटकों एवं व्हीवीआईपी के साथ शालीन, संवेदनशील एवं पेशेवर व्यवहार अपनाने के महत्व पर विशेष बल दिया।

इसके उपरांत नगरीय पुलिस भोपाल के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान ने सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं प्रिंट मीडिया प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने इंस्‍टाग्राम, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सिंहस्थ मेले के दौरान सूचनाओं के त्वरित एवं प्रमाणिक प्रसारण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि किसी भी भ्रामक सूचना अथवा अफवाह का समय रहते प्रभावी खंडन करना तथा सही एवं तथ्यात्मक जानकारी आमजन तक पहुँचाना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, मीडिया समन्वय एवं त्वरित सूचना प्रबंधन की रणनीतियों से प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा योजना विषय पर सिंहस्थ मेले के दौरान संभावित सुरक्षा खतरों की पहचान, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन के दौरान अपनाई जाने वाली निरोधात्मक कार्यवाहियों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित पुलिस कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मेले में स्थापित किए जाने वाले अस्थायी थानों की आवश्यकता, उनकी संरचना, दायित्व, अभिलेख संधारण, शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत योग, पी.टी. अभ्यास एवं मेडिटेशन से हुई। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री जय सिंह तोमर एवं हार्टफुलनेस प्रशिक्षक श्री राजेश चंद्र शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग एवं मेडिटेशन से मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, जिससे पुलिस कर्मी तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी बेहतर निर्णय लेने में सक्षम होते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी प्रशिक्षणार्थियों ने विषय विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर संवाद स्थापित कर अपनी जिज्ञासा का समाधान प्राप्त किया तथा सिंहस्थ-2028 के दौरान उत्कृष्ट, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवहारिक ज्ञान अर्जित किया।

 

Author:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal