केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राजस्थान आगमन पर सीएम भजनलाल शर्मा ने किया भव्य स्वागत
उदयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने किया अभिनंदन; रविवार को निम्बाहेड़ा और अलवर से मिलेगी ₹12,000 करोड़ से अधिक की सौगात
जयपुर/उदयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता)।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के राजस्थान आगमन पर शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया।
केन्द्रीय गृह मंत्री का यह दौरा राजस्थान के आधारभूत ढांचे और आंचलिक विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश को 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
अपने निर्धारित प्रवास के तहत केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) एवं अलवर में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे राजस्थान को 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास की बड़ी सौगातें देंगे।
इन विकास परियोजनाओं से प्रदेश में सहकारिता, बुनियादी ढांचे और जन-सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार होगा।
एयरपोर्ट पर वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
उदयपुर एयरपोर्ट पर केन्द्रीय गृह मंत्री के स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। गृह मंत्री के इस दौरे को लेकर चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा और अलवर में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।