मानसिक स्वास्थ्य, पुलिस प्रशिक्षण, अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग के नए युग की शुरुआत
जयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता जयप्रकाश बूलचंदानी)।
राजस्थान पुलिस ने पुलिस कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) एवं यूनाइटेड किंगडम की यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। लगभग 200 वर्ष पुराने विश्वप्रसिद्ध विश्वविद्यालय के साथ यह साझेदारी राजस्थान पुलिस को वैश्विक शैक्षणिक विशेषज्ञता और आधुनिक शोध से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में महानिदेशक पुलिस (DGP) राजीव कुमार शर्मा की मौजूदगी में आरपीए की ओर से अतिरिक्त निदेशक शंकरदत्त शर्मा तथा यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर की ओर से प्रो. (डॉ.) विमल कुमार शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
“हमारे पास उपलब्ध व्यापक अनुभव व डेटा और यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर की शोध विशेषज्ञता के समन्वय से पुलिसिंग, पुलिस कल्याण व मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।”
— राजीव कुमार शर्मा, महानिदेशक पुलिस (DGP), राजस्थान
कोर्स, ट्रेनिंग और तनाव प्रबंधन के अवसर
डीजीपी शर्मा ने कहा कि इस समझौते से पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों के लिए डिस्टेंस लर्निंग, सर्टिफिकेट कोर्स, ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रशिक्षण तथा विशेषज्ञ व्याख्यानों के नए अवसर मिलेंगे। इससे बल की क्षमता वृद्धि के साथ-साथ तनाव प्रबंधन व मानसिक स्वास्थ्य को मजबूती मिलेगी। डीजीपी ने हाल के वर्षों में पुलिसकर्मियों में बढ़ रही आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताते हुए विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों से इस विषय पर विशेष अध्ययन कर सुझाव देने का आह्वान किया।
संयुक्त शोध, पीएचडी व एक्सचेंज प्रोग्राम
एडीजी (प्रशिक्षण) राघवेंद्र सुहासा ने बताया कि एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त शोध परियोजनाएं, अकादमिक प्रकाशन, कार्यशालाएं तथा विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित करेंगे। इसमें यूजी, पीजी, पोस्ट-डॉक्टोरल विद्यार्थियों, शिक्षकों व शोधकर्ताओं के एक्सचेंज प्रोग्राम, विजिटिंग प्रोफेसर व्यवस्था, पीएचडी सह-मार्गदर्शन व इंटर्नशिप के प्रावधान शामिल किए गए हैं।
5 वर्षों तक प्रभावी रहेगा करार
यह ऐतिहासिक एमओयू आगामी 5 वर्षों तक प्रभावी रहेगा। विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रो. कैथरीन रॉबिन्सन, डॉ. एमिली बेबिंगटन एवं प्रो. विमल कुमार शर्मा ने इस करार पर खुशी जताई। समारोह में एडीजी वी.के. सिंह, रूपिंदर सिंह, बिपिन कुमार पाण्डेय, प्रफुल्ल कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। आभार एडीजी राघवेंद्र सुहासा ने जताया तथा कार्यक्रम का संचालन डीआईजी शरद चौधरी ने किया।