सावन में गलता तीर्थ पर श्रद्धालुओं के लिए नगर निगम की विशेष व्यवस्थाएं: सुगम और सुरक्षित होगा कांवड़ियों का सफर
जयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता)।
पवित्र सावन मास में जयपुर के ऐतिहासिक धार्मिक स्थल गलता तीर्थ में उमड़ने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम जयपुर ने व्यापक स्तर पर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की हैं।
आगरा रोड से लेकर गलता कुंड तक के मुख्य मार्ग पर पथ-प्रकाश, स्वच्छता एवं सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध रहे।
रोड लाइटों की मरम्मत और अस्थायी प्रकाश व्यवस्था
नगर निगम की विद्युत शाखा द्वारा आगरा रोड से गलता कुंड तक के मार्ग पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू करवा दिया गया है। इसके साथ ही दिल्ली रोड से गलता कुंड जाने वाले मार्ग का विभागीय टीमों द्वारा निरीक्षण किया गया, जहाँ सभी रोड लाइटें चालू स्थिति में मिलीं।
सावन मास में रात्रि के समय श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए गलता गेट से गलता कुंड तक के पूरे मार्ग पर आवश्यकतानुसार विशेष अस्थायी प्रकाश व्यवस्था (Temporary Lighting) भी की गई है।
मिशन मोड पर सफाई और पेड़ों की कटाई-छंटाई
गलता मार्ग पर नगर निगम की टीमों द्वारा मिशन मोड में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही उद्यान शाखा ने आगरा रोड से गलता कुंड तक मार्ग के दोनों ओर फैले पेड़ों की कटाई-छंटाई का कार्य पूरा कर लिया है।
पेड़ों की छंटाई से मार्ग पूरी तरह अवरोधमुक्त हो गया है, जिससे रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था बेहतर हुई है और सफाई में भी काफी सुलभता आई है।
प्रशासन का संदेश:
नगर निगम जयपुर सावन मास के दौरान गलता तीर्थ पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा सके।