आबकारी आयुक्त के निर्देशन में प्रदेशभर में बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश, भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में हड़कंप
जयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता)।

राज्य में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय, भंडारण एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत राज्यव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के सख्त निर्देशों के बाद प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गठित निरोधक दलों ने ताबड़तोड़ कार्रवाइयां करते हुए अवैध शराब माफिया पर बड़ा प्रहार किया है।
विभिन्न जिलों में आबकारी विभाग की प्रमुख कार्रवाइयां:
- चित्तौड़गढ़ (डूंगला एवं बेगूं): आबकारी टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर 700 लीटर लहन/वाश को मौके पर ही नष्ट किया। साथ ही 77 बोतल अवैध हथकढ़ शराब बरामद कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
- भीलवाड़ा (कोठारी नदी व कुवाड़ा खान क्षेत्र): भीलवाड़ा के कोठारी नदी के दुर्गम क्षेत्रों में दबिश देकर 1800 लीटर वाश नष्ट की गई और 40 लीटर हथकढ़ शराब जब्त की गई। मौके से अवैध शराब निर्माण में लिप्त 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं, कुवाड़ा खान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 3000 लीटर वाश और 4 पुरानी अवैध भट्टियों को नष्ट किया गया।
- जोधपुर (सरदारपुरा एवं लूणी): जोधपुर शहर के सरदारपुरा व लूणी थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 288 पव्वे देशी मदिरा, 36 बोतल किंगफिशर बीयर, 23 पव्वे आरएमएल तथा 2 लीटर हथकढ़ शराब जब्त की गई।
- हनुमानगढ़ (भादरा): भादरा में बिना नंबर प्लेट की पिकअप से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 5 कार्टन देशी मदिरा (240 पव्वे) जब्त की गई। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
गश्त और नाकाबंदी से कसी नकेल
आबकारी विभाग के अनुसार, राज्य के अन्य सभी जिलों में भी निरोधात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया गया है। लगातार गश्त, नाकाबंदी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर दी जा रही दबिश से अवैध शराब की तस्करी और निर्माण पर प्रभावी रूप से अंकुश लग रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।