जयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता)। सांगानेर की ऐतिहासिक व पावन धरा पर धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री सांगा बाबा मंदिर, श्री त्रिपोलिया हनुमान जी मंदिर एवं श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर कॉरिडोर के मुख्य द्वार के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। लगभग ₹3 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले इस भव्य मुख्य द्वार के बनने से संपूर्ण कॉरिडोर क्षेत्र के धार्मिक वैभव को एक नई और विशिष्ट पहचान मिलेगी।
सांगानेर विधानसभा के मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य के लिए राज्य के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी का सांगानेर की समस्त जनता की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सांगानेर के धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण तेजी से हो रहा है, जिससे क्षेत्र का सांस्कृतिक स्वरूप और अधिक निखर कर सामने आएगा।
इस शुभ अवसर पर सांगानेर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्रीक्षप्रकाश तिवारी जी,वर्तमान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक यादव एवं अजय सिंह रावत, गोपाल चौधरी सहित सांगानेर मंडल के समर्पित कार्यकर्ता, पूर्व व वर्तमान पदाधिकारी, स्थानीय व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा देवतुल्य जनता जनार्दन उपस्थित रही। सभी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कर इस पवित्र निर्माण कार्य के निर्विघ्न पूरा होने की कामना की।