नगर निगम चुनाव में सिंधी समाज को प्रदेश में मिले उचित प्रतिनिधित्व: चंदीराम राघानी
राजस्थान सिंधी महापंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी से की मुलाकात; सौंपा ज्ञापन
जयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता)।
राजस्थान सिंधी महापंचायत के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष चंदीराम राघानी ने आगामी राजस्थान नगर निगम चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से पूरे प्रदेश में सिंधी बहुल शहरों एवं वार्डों में सिंधी समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की पुरजोर मांग की है।
इस संबंध में राजस्थान सिंधी महापंचायत के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा और उम्मीद जताई कि पार्टी समाज के हितों का पूरा ध्यान रखेगी।
शुरुआत से ही भाजपा के साथ निष्ठा से जुड़ा है सिंधी समाज
चंदीराम राघानी ने कहा कि सिंधी समाज शुरुआत से ही भारतीय जनता पार्टी के साथ तन, मन, धन और पूरी निष्ठा से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में करीब 192 सेंट्रल पंचायतें एवं पंचायतें सक्रिय हैं, जिनमें जयपुर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, भीलवाड़ा, सीकर, ब्यावार, खैरथल, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, टोंक, निवाई, किशनगढ़, अलवर और निंबाहेड़ा जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं।
जयपुर के प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों में पार्षद उम्मीदवारी का दावा
राजस्थान सिंधी महापंचायत के प्रदेश महासचिव अमरलाल गुरबाणी ने बताया कि जयपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में समाज की मजबूत स्थिति को देखते हुए पार्षद पद के लिए दावेदारी बनती है:
- आदर्श नगर: 3 पार्षद प्रत्याशी
- सांगानेर: 3 पार्षद प्रत्याशी
- मालवीय नगर: 2 पार्षद प्रत्याशी
- हवामहल: 2 पार्षद प्रत्याशी
- किशनपोल, बनीपार्क, झोटवाड़ा, मुरलीपुरा, वैशाली नगर: 1-1 पार्षद प्रत्याशी
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सिंधी समाज न केवल स्वयं जीत दर्ज करने का माद्दा रखता है, बल्कि अन्य सीटों पर भी भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की क्षमता रखता है।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को सौंपे जाएंगे ज्ञापन
चंदीराम राघानी ने बताया कि अपनी इस मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल जल्द ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा और राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से संपर्क कर ज्ञापन सौंपेगा।
अशोक परनामी से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में दिलीप हृदयासनी, कमलेश आसुदानी एवं पंकज रायचंदानी भी मौजूद रहे।