एसीबी मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर गरिमामय समारोह: 64 अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला डीजी डिस्क और प्रशस्ति पत्र
डीजी गोविन्द गुप्ता ने किया ध्वजारोहण; ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत भ्रष्टाचार मुक्त राजस्थान का दोहराया संकल्प
जयपुर (सिंधु चौपाल संवाददाता)।
79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) राजस्थान के झालाना डूंगरी, जयपुर स्थित मुख्यालय में गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुई, जिसके पश्चात एसीबी महानिदेशक श्री गोविन्द गुप्ता ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर एसीबी टीम ने राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा का संकल्प दोहराया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
समारोह को संबोधित करते हुए एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने सम्मानित कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के अनुरूप एसीबी टीम निरंतर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। भ्रष्ट लोकसेवकों पर शिकंजा कसने के लिए पूरी ईमानदारी, मेहनत और निष्ठा से कार्य करना ही ब्यूरो की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इन प्रमुख आईपीएस अधिकारियों को मिला सम्मान
समारोह के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए Bureau के 4 वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों को डीजी डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया:
- श्रीमती एस. परिमला (महानिरीक्षक, एसीबी जयपुर)
- डॉ. रामेश्वर सिंह (उप महानिरीक्षक प्रशासन, एसीबी जयपुर)
- श्री ओमप्रकाश मीना (उप महानिरीक्षक द्वितीय, एसीबी जयपुर)
- श्री नारायण टोगस (उप महानिरीक्षक, एसीबी अजमेर)
सम्मानित एडिशनल एसपी और डीएसपी:
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP): श्री ओमप्रकाश किलानिया (परिवाद शाखा), श्री भूपेन्द्र (जयपुर नगर-प्रथम), श्री महावीर प्रसाद शर्मा (SU-द्वितीय जयपुर), श्री आशीष कुमार (चौकी SU बीकानेर), एवं श्री अनन्त कुमार (एसीबी उदयपुर)।
- उप पुलिस अधीक्षक (DSP): श्रीमती अर्चना मीना (SU प्रथम जयपुर) तथा श्रीमती कंचना भाटी (अजमेर चौकी)।
अन्य पुलिस व मंत्रालयिक कार्मिक हुए सम्मानित
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 1 सब-इंस्पेक्टर, 2 एएसआई, 2 सहायक उप निरीक्षक, 10 हेड कांस्टेबल, 24 कांस्टेबल को डीजी डिस्क व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
साथ ही प्रशासनिक शाखा के सहायक लेखा अधिकारी श्री गणेश राम सैनी, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार व श्री चेतन प्रकाश, वरिष्ठ सहायक श्री राजेन्द्र सिंह व श्री विशाल बाछल, कनिष्ठ सहायक श्री सहदेव सिंह व सुश्री बबली मीणा तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री विष्णु सिंह जादौन को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक श्री रामजीलाल (जयपुर नगर-प्रथम) तथा श्री मोहम्मद हनीफ (बाड़मेर चौकी) को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए राजस्थान पुलिस सेवा पदक से अलंकृत किया गया।
समारोह में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव सहित एसीबी के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।