जयपुर। मानसरोवर के अग्रवाल फार्म में बालाजी युवा मंडल के सेवाभावी युवाओं ने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर एक ऐसी अविस्मरणीय भक्ति संध्या का सृजन किया, जिसकी भव्यता की चर्चा आज पूरे क्षेत्र में है। मंडल के गणेश व्यास, मनोज जैन, राकेश बंसल और मनीष जैन की कर्मठता और कुशल प्रबंधन का ही परिणाम था कि महात्मा गांधी पार्क में आयोजित ‘सुंदरकाण्ड एवं श्री श्याम भजन संध्या’ ने श्रद्धा और वैभव के सारे कीर्तिमान तोड़ दिए।
आयोजकों की मेहनत से साकार हुई भव्यता

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजक मंडल पिछले कई दिनों से दिन-रात जुटा हुआ था। बाबा का अलौकिक दरबार, छप्पन भोग की व्यवस्था और सजीव झांकियों के साथ पुष्प वर्षा का जो अद्भुत दृश्य गणेश व्यास और उनकी टीम ने तैयार किया, उसने हर आगंतुक का मन मोह लिया। आयोजकों ने न केवल भक्ति का माहौल बनाया, बल्कि हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब के लिए चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर अपनी प्रबंधन क्षमता का लोहा मनवाया।
अतिथियों ने सराहा मंडल का प्रयास

इस पावन अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुँचे शहर के दिग्गज नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आयोजक मंडल के इस प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपा नाथावत, पार्षद हरिओम स्वर्णकार, पार्षद जय वशिष्ठ, कमलकांत शर्मा फर्स्ट इंडिया सीनियर रिपोर्टर,चेटीचंड सिंधी मेला समिति (ग्रेटर) के अध्यक्ष जयप्रकाश बूलचंदानी, पूर्व अध्यक्ष महेश हरदासानी, हेमंत ठारवानी और क्राइम रिपोर्टर योगेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि बालाजी युवा मंडल ने समाज में धार्मिक जागृति और सामूहिकता का एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया है।
भक्ति और संगीत की अविरल धारा
पंडित जय प्रकाश शर्मा के सुंदरकाण्ड पाठ और भजन गायक शुभम् शर्मा व विक्की शर्मा की सुमधुर तानों ने उपस्थित जनों को झूमने पर मजबूर कर दिया। आयोजकों द्वारा की गई ‘श्री दुर्गा साउंड’, ‘राजदीप स्टूडियो’ और ‘बुन्दु म्यूजिकल ग्रुप’ की साज-सज्जा ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
अंत में मनोज जैन, राकेश बंसल और मनीष जैन ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। महाआरती के बाद वितरित किए गए प्रसाद के साथ इस ऐतिहासिक धार्मिक उत्सव का समापन हुआ।




