जयपुर सिंधी समाज ने पार्षद चुनाव में प्रतिनिधित्व की मांग की
जयपुर। आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर जयपुर के सिन्धी समाज ने अपनी राजनीतिक भागीदारी की दिशा में कदम बढ़ाया है। पूज्य सिन्धी सेन्ट्रल पंचायत जयपुर महानगर के अध्यक्ष गिरधारीलाल मनकानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सिन्धी समाज के निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ताओं को चुनाव में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई। पंचायत अध्यक्ष गिरधारीलाल मनकानी ने प्रदेशाध्यक्ष के सामने पक्ष रखते हुए कहा कि जयपुर का सिन्धी समाज लंबे समय से भाजपा की विचारधारा और सांगठनिक गतिविधियों में मजबूती से जुड़ा रहा है। इसी योगदान को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जयपुर नगर निगम क्षेत्र के कम से कम 15 वार्डों में समाज के योग्य और कर्मठ कार्यकर्ताओं को पार्षद प्रत्याशी बनाने की अपील की। मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सिन्धी समाज के निरंतर सहयोग और समर्पण की सराहना की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पार्टी संगठन समाज की मांगों और भावनाओं पर सकारात्मक रूप से विचार करेगा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में नारायणदास नाजवानी, कमल आसवानी, प्रमोद नावानी, प्रिया ज्ञानानी, मीना मूलचन्दानी, मनोज ठाकवानी, उषा वाधवा, नरेश मूलराजानी और जे.के. आडवाणी सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

