जयपुर (विशेष संवाददाता)। मानसरोवर, अग्रवाल फार्म स्थित सेक्टर-11 में भगवान झूलेलाल सेवा समिति की ओर से समाज और आमजन की सेवा हेतु अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी सेंटर का भव्य उद्घाटन एवं शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बुजुर्गों, युवाओं और जरूरतमंद मरीजों को नाममात्र के शुल्क पर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
जनसेवा और स्वास्थ्य संवर्धन की पहल
समिति के मुख्य संरक्षक दादा सुंदर ठाकुर ने बताया कि आजकल बदलती जीवनशैली के कारण बुजुर्गों के साथ-साथ युवाओं में भी कमर दर्द, घुटनों के दर्द, जोड़ों की अकड़न और हड्डियों से जुड़ी परेशानियां तेजी से बढ़ रही हैं। महंगे अस्पतालों और महंगे इलाज के कारण आम व्यक्ति समय पर फिजियोथेरेपी नहीं करा पाता। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा मात्र ₹50 के पंजीकरण शुल्क पर इस सेंटर की शुरुआत की गई है।
निशुल्क भवन व आधुनिक मशीनें
कार्यक्रम के दौरान समिति के मुख्य संचालक कर्ता धनराज चंदनानी ने जानकारी दी कि फिजियोथेरेपी सेंटर के लिए बेसमेंट का स्थान बिना किसी किराए के (निःशुल्क) उपलब्ध कराया गया है।"काफी समय से लोगों को नी-रिप्लेसमेंट, जॉइंट पेन और कमर दर्द की गंभीर समस्याओं से जूझते देख मन में एक ही विचार था कि एक ऐसा केंद्र शुरू किया जाए जहाँ कम से कम खर्च में बेहतरीन इलाज मिले। समिति के सभी पदाधिकारियों के सहयोग से आज यह सेवा कार्य शुरू हो सका है। हमारा उद्देश्य है कि इस केंद्र का लाभ केवल सिंधी समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचे।" महिला अध्यक्ष शोभा बसंतानी ने कहा कि समिति पिछले 12-13 वर्षों से सामूहिक विवाह सम्मेलन, समर कैंप और स्वरोजगार प्रशिक्षण जैसे सामाजिक कार्य निरंतर करती आ रही है। इसी प्रेरणा से अब स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में यह कदम उठाया गया है, जिसका लाभ सिंधी समाज के साथ-साथ सभी वर्गों के लोगों को मिलेगा। पार्षद अशोक रावतानी ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मानसरोवर की यह पुरानी और अग्रणी संस्था हमेशा समाजहित में तत्पर रहती है।
अनुभवी डॉक्टर्स और अत्याधुनिक सुविधाए
सेंटर में अपनी सेवाएं दे रहे वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. रजत भार्गव एवं डॉ. राहुल यादव ने बताया कि सेंटर में सभी प्रकार की आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं।
उपलब्ध थेरेपी व मशीनें: TENS थेरेपी, IFT थेरेपी, अल्ट्रासाउंड थेरेपी, लेज़र थेरेपी, टेकसर थेरेपी तथा मैनुअल थेरेपी एवं व्यायाम चिकित्सा।
उपचारित समस्याएं: घुटने व कंधे का दर्द (ऑस्टियोआर्थराइटिस, फ्रोजन शोल्डर), रीढ़ की हड्डी व कमर दर्द (बैक पेन, स्लिप डिस्क), पैरालिसिस, स्पोर्ट्स इंजरी और पोस्ट-ऑपरेटिव रिहैबिलिटेशन।
स्थान: 112/558, आकाशदीप पब्लिक स्कूल के पास, खाड़ी मार्केट, अग्रवाल फार्म, मानसरोवर, जयपुर। समय: प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से 11:00 बजे तक एवं सायं 5:00 बजे से 7:00 बजे तक (रविवार को अवकाश)। उद्घाटन के अवसर पर अध्यक्ष गिरधारी सम्भनानी , वरिष्ठ उपाध्यक्ष शोभा बसंतानी, महासचिव लालचंद खानवानी, कोषाध्यक्ष अर्जुन डोलानी, प्रवक्ता मूलचंद बसंतानी, भगवान दास बब्बल, दीपक उदेरनानी सहित समिति के कई गणमान्य सदस्य एवं क्षेत्रीय निवासी उपस्थित रहे।

