अग्रवाल फार्म (जयपुर): बेखौफ हौसले और कानून का रत्ती भर डर नहीं! अग्रवाल फार्म स्थित श्री झूलेलाल तिब्बती बाजार के चौक परिसर में ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नियम-कायदों को ताक पर रखकर रातों-रात 3 अवैध दुकानें खड़ी कर दी गईं। इतना ही नहीं, निर्माण के तुरंत बाद वहां बेझिझक कपड़े टांगकर व्यापार भी शुरू कर दिया गया, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
सार्वजनिक जगह पर कब्जा, किसी का डर नहीं
चौक परिसर की खुली जगह पर अवैध रूप से बनाए गए इन ढांचागत निर्माणों को देखकर हर कोई हैरान है। जिस जगह पर लोगों की आवाजाही और आम रास्ता होना चाहिए, वहां रातों-रात दुकानें बनाकर कपड़े बेचना प्रशासनिक व्यवस्था और हाउसिंग बोर्ड की निगरानी पर सीधे-सीधे सवाल खड़े करता है।
हाउसिंग बोर्ड डिप्टी कमिश्नर का बड़ा बयान: "कोई परमिशन नहीं दी गई"
जब इस पूरे फर्जीवाड़े और अवैध कब्जे को लेकर राजस्थान हाउसिंग बोर्ड (अग्रवाल फार्म) के डिप्टी कमिश्नर के. के. दीक्षित से सीधे सवाल किए गए, तो उन्होंने साफ लहजे में कहा कि इस तरह के निर्माण की कोई अनुमति (परमिशन) नहीं दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और वे तुरंत इसकी जांच करवाकर सख्त कार्रवाई करेंगे।
अब देखना यह होगा कि बिना किसी डर के अवैध दुकानें तानकर व्यापार करने वालों पर प्रशासन का बुलडोजर कब चलता है या यह जांच सिर्फ फाइलों तक सीमित रह जाएगी।
