- सिंधी समाज के युवा वर्ग सिंधी भाषा, साहित्य एवं सिंधु संस्कृति से जुड़कर प्रशासनिक सेवाओं के द्वारा भारत माता की सेवा करें: स्वामी भगतप्रकाश जी महाराज
एस.एस.डी. उदय अकादमी काउंसिल नागपुर (रजिस्टर्ड) की राजस्थान प्रदेश इकाई एवं जिला जयपुर के तत्वावधान में सिंधी समाज के प्रतिभावान युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं में अपना करियर चुनने के लिए प्रेरित करने हेतु 'सिंधु युवाजन मार्गदर्शन एवं मोटिवेशनल सेमिनार' का आयोजन 23 अगस्त 2026 को खुदाबादी सोनारा कम्युनिटी सेंटर, सिंधी कॉलोनी, बनीपार्क, जयपुर में सफलतापवूर्क संपन्न हुआ। इस सेमिनार में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने भारी संख्या में भाग लिया। संतों के सान्निध्य में हुआ भव्य शुभारंभ सेमिनार का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से परम पूजनीय श्री प्रेमप्रकाश मंडलाध्यक्ष सद्गुरु स्वामी भगतप्रकाश जी महाराज के पावन आशीर्वचन से हुआ। महाराज श्री ने प्रतिभागियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभाशीष प्रदान की तथा सिंधी भाषा, साहित्य एवं सिंधु संस्कृति के विराट इतिहास को जानने और उससे जुड़ने का आह्वान किया। इससे पूर्व, श्री अमरापुर दरबार जयपुर के पूज्य संत श्री मोहनप्रकाश जी, संत मंडल साई मुकेश साध एवं संत गुलराज उदासी ने भगवान श्री झूलेलाल के चित्र पर माल्यार्पण कर और ज्योत प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विशेषज्ञों ने दिए सफलता के गुर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य संयोजक चंद्रप्रकाश खेतानी (एडवोकेट) ने बताया कि इस समारोह में 125 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। मोटिवेशनल सत्र का शुभारंभ यूपीएससी फैकल्टी विशेषज्ञ डॉ. दीक्षिता अजवानी ने किया, जिन्होंने युवाओं को यूपीएससी परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। सुश्री रोमा चांदवानी एवं श्री गोविंद मेलवानी (जूनागढ़, गुजरात) ने यूपीएससी परीक्षाओं में वैकल्पिक विषय के रूप में 'सिंधी भाषा' चुनने के लाभ बताए और इस विषय के माध्यम से बेहतरीन परिणाम प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। डॉ. सरिता सिंह (सेवानिवृत्त अतिरिक्त सचिव, भारत सरकार) ने वर्चुअली जुड़कर प्रतिभागियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) से जुड़ी अहम बारीकियां समझाईं। वहीं, श्री लोहित मतानी (2014 बैच, आईपीएस कैडर, महाराष्ट्र) ने अपने प्रशासनिक अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को अनुशासित रहकर धैर्यपूर्वक तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। सम्मान और गौरव का क्षण कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष रमेश दत्तवानी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र ज्ञानी ने अतिथियों व प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और दुपट्टा देकर सम्मानित किया। संस्था के अथक प्रयासों से वर्ष 2026 की यूपीएससी परीक्षा में सिंधी समाज के 11 प्रतिभावान युवाओं द्वारा प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर मुख्य परीक्षा की तैयारी करना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय बताया गया। प्रदेश सचिव राकेश कृपलानी एवं जिला अध्यक्ष दीपक वरंदानी ने आए हुए अतिथियों का स्वागत सत्कार किया। इस अवसर पर श्री ज्ञानदेव आहूजा, चंदी राम राघानी, गिरधारी मनकनी, प्रमोद कुमार नावानी, गंगाराम पुरुषवानी, अमर लाल गुरबानी, नारायण दास नाजवानी, कमल कुमार वंजानी, गुलाब कोरानी, रतन ऐलानी, तुलसी संगतानी, छबल दास नवलानी, नानकराम थावानी, वासुदेव टेकवानी, भगवानदास मोटवानी, कमल आसवानी, मनोज कृपलानी सहित मातृशक्ति से पुष्पा खेतानी, भूमि कृपलानी, उषा वाधवा आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

