चुनाव में भाग्य जानने के लिए ज्योतिषियों का सहारा
भीलवाड़ा में राजस्थान के नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी तेज हो गई है। नामांकन दाखिले की प्रक्रिया 27 अगस्त से अधिसूचना जारी होने के साथ ही शुरू हो जाएगी। प्रत्याशी चुनाव जीतने के लिए ज्योतिषीय शुभ योगों का सहारा ले रहे हैं। पंडित अशोक व्यास के अनुसार, 27 अगस्त (गुरुवार) की सुबह 11.04 बजे से दोपहर 3.49 बजे तक फॉर्म भरने का शुभ समय है। राज्य में चुनावी माहौल के बीच कारोई गांव में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। यहां लगभग पचास से अधिक ज्योतिषियों के ठिकानों पर टिकट के दावेदार पहुंच रहे हैं। प्रत्याशी अपने भाग्य और चुनावी टिकट की गारंटी तलाशने के लिए सीधे ज्योतिषियों के घरों के बाहर कतार में खड़े नजर आते हैं। कारोई का अनूठा इतिहास भीलवाड़ा जिले का छोटा सा गांव कारोई सालों से अपनी सटीक भृगु संहिता और नाड़ी ज्योतिष विद्या के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां के विद्वान पन्नों को देखकर व्यक्ति के भूत, वर्तमान और भविष्य का ब्यौरा देने में महारत रखते हैं। यही वजह है कि आम जन ही नहीं, बल्कि देश के बड़े-बड़े राजनेता भी अपनी किस्मत का रुख जानने कारोई का रुख करते रहे हैं। प्रत्याशियों में शुभ मुहूर्त का क्रेज बढ़ता जा रहा है। 28 अगस्त (शुक्रवार) को रक्षा बंधन का राजकीय अवकाश रहेगा। इसके बाद 29 अगस्त (शनिवार) को दोपहर 12.13 बजे से 2.13 बजे तक का समय शुभ रहेगा। 30 अगस्त (रविवार) का पूर्ण अवकाश रहेगा। सोमवार को नामांकन दाखिल करने का सबसे उत्तम दिन है। सुबह 10 से सुबह 11.04 बजे और दोपहर 12.13 से 1.03 बजे तक का समय श्रेष्ठ मुहूर्त माना गया है। अधिकांश दावेदार जन्मकुंडली के साथ पार्टी के सेवाकाल से जुड़े रिकॉर्ड और फोटोग्राफ भी लेकर आते हैं। कई हस्तरेखाओं के सहारे राजनीतिक भविष्य जानने आ रहे हैं। कारोई निवासी पंड़ित गोपाललाल व्यास ने बताया कि निकाय और पंचायत चुनाव में राजनीतिक भविष्य जानने के लिए राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से टिकट के दावेदार और उनके परिजन आ रहे हैं। हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि क्या उन्हें नगर निकाय व पंचायत राज चुनाव को लेकर पार्टी का टिकट मिलेगा। राजनीतिक भविष्य जानने के लिए भृगु संहिता के जरिए उनके ग्रह और नक्षत्र के योग का अध्ययन किया जा रहा है। कारोई का यह अनूठा नजारा चुनावी मौसम में लग्जरी वाहनों के जमावड़े से भरा हुआ है।
