सांगानेर (विशेष संवाद): सांगानेर निकाय चुनावों के नतीजों के बाद पार्टी संगठन में अनुशासन और जवाबदेही तय करने को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा का कड़ा रुख सामने आया है। ‘विशेष साक्षात्कार’ में बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनाव में जिन लोगों ने भी भीतरघात किया है, उनकी सूची बनाकर संगठन को भेजी जाएगी और उन पर शत-प्रतिशत कार्रवाई होगी। इसके साथ ही उन्होंने वार्ड 51 के चुनावी समीकरणों, ₹6.5 करोड़ के नाला निर्माण और क्षेत्र के विकास के भावी रोडमैप पर खुलकर बात की। प्रस्तुत हैं इस बेबाक साक्षात्कार
संवाददाता: नमस्कार सुनील जी।
सुनील शर्मा: नमस्कार जी।
संवाददाता: सर्वप्रथम तो आपको बधाई हो, जिस तरीके का सांगानेर मंडल ने इस बार प्रदर्शन किया चुनाव के अंदर। लेकिन कमी रह गई कि दो वार्ड जीत पाए, दो वार्ड हार गए। आगे क्या कारण रहे?
सुनील शर्मा: देखिए, आदरणीय मुख्यमंत्री जी के विकास कार्यों को देखते हुए, विकास कार्य इतने हुए, 2 साल में इतने विकास कार्य हुए। लेकिन हो सकता है हम वहां लोगों को, जनता तक नहीं पहुंचा पाए हों उन विकास कार्यों को। तो कहीं ना कहीं कुछ तो कमी रही होगी, हम बैठेंगे और उसकी अनुशंसा करेंगे।
संवाददाता: क्या प्रत्याशी कमजोर रह गए?
सुनील शर्मा: नहीं, प्रत्याशी हमारी भारतीय जनता पार्टी के जिन्होंने चुना, वह प्रत्याशी सभी मजबूत थे। लेकिन हार के कारणों की अब बैठकर हम समीक्षा करेंगे।
संवाददाता: क्या कोई भीतरघात हुई या किस तरीके...?
सुनील शर्मा: वह बैठेंगे हम सारे हमारी...
संवाददाता: भीतरघातियों को पहचान कर ली गई है, भीतरघातियों की कौन-कौन...?
सुनील शर्मा: नहीं, जिसकी पहचान होगी जिसने भीतरघात किया होगा उनको...
संवाददाता: क्या उन पर संगठन कार्रवाई करने जा रहा है?
सुनील शर्मा: बिल्कुल 100% कार्रवाई करेगा।
संवाददाता: उनकी लिस्ट बन गई है?
सुनील शर्मा: अब बैठेंगे हम, लिस्ट बनाएंगे और देखेंगे फिर।
संवाददाता: वार्ड 51 जहां तो पूर्व मंडल अध्यक्ष, पांच-पांच छः-छः मंडल अध्यक्ष ही हैं वहां से हार और सांगानेर का गढ़ है, जहां पर विकास भी मतलब सांगा मंदिर में या वहां के मंदिरों का विकास हो, चाहे स्टेडियम का विकास हो, इतना जोरदार विकास करने के बावजूद है ना वहां पर हार मिलना, क्या यह पचा पा रहे हैं?
सुनील शर्मा: वार्ड 51 में देखिए, जो हमने टिकट दिया वह आम आदमी को टिकट दिया, कार्यकर्ता को टिकट दिया, हमारे संघ के कार्यकर्ता को टिकट दिया। लेकिन वहां पर एक जो सबसे मजबूत विषय रहा, वह रहा सामने वाले पक्ष के पास कि वहां माइनॉरिटीज़ के वोट ज्यादा थे। इसलिए उनको... उनका पक्ष मजबूत रहा और उसकी भी समीक्षा की जाएगी, कहां क्या कारण रहा हार का।
संवाददाता: आप लोगों के द्वारा कुछ संगठन के पदाधिकारी, आपके मंडल के पदाधिकारी वह सामने वाले के साथ लगे रहे, इसका आपको पता है?
सुनील शर्मा: जो भी ऐसी सूचना आई है हमारे पास और अभी हम उसकी समीक्षा कर रहे हैं। यदि एक्चुअल में ऐसा रहा तो हम भी संगठन को ऊपर सूचना करेंगे और उन उनको जो भी पार्टी कार्रवाई करती है उनको...
संवाददाता: संगठन वर्तमान में भविष्य को लेकर क्या तैयारी चल रही है? क्योंकि आने वाले दो साल... दो साल ही बचे हैं, दो सवा दो साल बचे हैं। अभी यहां फिर विधायक का चुनाव होगा...
सुनील शर्मा: देखिए, अपन ओवरऑल विधानसभा की बात करें तो वोटिंग परसेंटेज को देखते हुए आदरणीय मुख्यमंत्री जी को आज भी 30-40 हजार वोटों की लीड मिली है और जिस हिसाब से विधानसभा में, विधानसभा में जो वोटिंग होती है, 65 टू 70, उसके अकॉर्डिंग आदरणीय मुख्यमंत्री जी आज भी 80 हजार वोटों से आगे हैं। और हम चाहेंगे कि मुख्यमंत्री जी दोबारा आके यहां से चुनाव लड़ेंगे, इतने विकास कार्य होंगे, कोई डेवलपमेंट की कोई चिंता नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री जी 1 लाख वोटों से यहां से सांगानेर विधानसभा से जीतेंगे।
संवाददाता: सांगानेर के ये जो छपाई उद्योग, छपाई उद्योग बिल्कुल बंद होने की कगार पर है। आपको पता है कि सांगानेर के ज्यादातर, मतलब आपके पदाधिकारी भी, बहुत से पदाधिकारी जो हैं, वो छपाई उद्योग से जुड़े हुए हैं। बहुत से लोग सांगानेर के जुड़े हुए हैं, तो उसके लिए...?
सुनील शर्मा: अभी इनकी एक एसोसिएशन बनी हुई है। हम चुनाव से फ्री हुए हैं, इनको भी बिठाएंगे, एक बार देखेंगे क्या मामला चल रहा है इनका।
संवाददाता: हालत बड़ी खराब है, सीवर... सीवर लाइन का पानी रोडों पर बह रहा है...
सुनील शर्मा: वह तो जो जहां डेवलपमेंट होता है, अब देखिए डिग्गी रोड पर जहां एक बड़ा नाला बन रहा है, ₹6.5 करोड़ की लागत से। नाला बन रहा है तो ये पाइपलाइन भी टूटती है, फिर वापस जुड़ेगी। तो कोई अच्छा काम होता है तो उसमें थोड़ी बहुत...
संवाददाता: नाला... नाला बना हुआ है, उसमें भी एक आपने देखा होगा केमिकल का पानी बह रहा है और उसको उसको है ना खेतों के अंदर पंप लगाकर सींचा जा रहा है...
सुनील शर्मा: नहीं, वह वह पहले से बड़ा नाला बना हुआ है। सांगानेर का पूरा पानी उस नाले के अंदर से जाता था, उस नाले का नया निर्माण हो रहा है, तो पानी तो जाएगा ना बाहर से। बारिश आई है अभी आपको पता है, तो बारिश का पानी रोड पर जाएगा। लेकिन वह जब नाला बनकर तैयार हो जाएगा, एक बूंद आपको सड़कों पर नहीं दिखेगी। सांगानेर बाजार में जो पानी भरता था, उसकी आज की, हमेशा की भर की समस्या वह खत्म हो चुकी है।
संवाददाता: आपके घर से ही 500 मीटर दूरी पीछे की साइड मदरामपुरा में चलते हैं, एक बस्ती, कच्ची बस्ती है। कच्ची बस्ती के पास में एक बहुत बुरी हालत हो रखी है, वहां पानी... पानी भरा हुआ है केमिकल का। वहां पर आप सांस नहीं ले सकते। आपने देखा होगा, उसको लेकर क्या...?
सुनील शर्मा: अब वहां पर जो कच्ची बस्ती है, वहां भी हमने निरीक्षण किया, वह भी तालाब ही है, एक तालाब है पुराना। वहां पर भी बारिश का पानी भरता है। अब उस बारिश के पानी को लेकर हमने यह जो यह प्लांट बना है एसोसिएशन का, इन प्लांट वालों से भी मिलेंगे। इनका पानी वहां जा रहा है ना कि आमजन का पानी वहां जा रहा है। इन प्लांट वालों से हम बैठेंगे इनके साथ में और इनकी समस्या का निदान जल्दी करवाएंगे।
संवाददाता: जनता को कोई संदेश आपका?
सुनील शर्मा: जनता को संदेश यही देना चाहते हैं, आदरणीय मुख्यमंत्री जी पूरे राजस्थान का नेतृत्व करते हैं और सांगानेर विधानसभा के एक-एक आदमी को अपना विधायक मानते हुए, जिम्मेदारी समझते हुए, कोई भी काम हमारा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय खुला है, वहां आके आप हमको अवगत कराएं। हम उनकी समस्या का निदान तुरंत अपने हाथों से करेंगे और सांगानेर को मजबूत बनाने का, सशक्त बनाने का काम करेंगे।

