जयपुर/सांगानेर। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (RPCB) के सख्त रुख और कड़े अल्टीमेटम के बाद सांगानेर एनवायस प्रोजेक्ट डेवलपमेंट (SEPD) प्रबंधन ने कपड़ा उद्योग के लिए नए अनुशासनात्मक 'वेट क्लोजर' (Wet Closure) दिशा-निर्देश और संचालन रोस्टर तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए हैं। बोर्ड के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पूरे सांगानेर औद्योगिक क्षेत्र को दो हिस्सों में विभाजित किया गया है। एरिया-1 (खत्री नगर, जयपुर गेट, पालीवाल गार्डन, जैन नसियां रोड, शिकारपुरा रोड, बक्सावाला, साईपुरा रोड और PS-1 तक की फैक्ट्रियां) 6 अक्टूबर 2026 प्रातः 6 बजे से 9 अक्टूबर प्रातः 6 बजे तक चालू रहेंगी, जबकि इस दौरान एरिया-2 की सभी इकाइयां पूर्णतः बंद रहेंगी। इसके बाद 9 अक्टूबर प्रातः 6 बजे से 12 अक्टूबर प्रातः 6 बजे तक एरिया-2 (PS-1 से आगे, सवाई माधोपुर पुलिया, रटल्या, मुहाना रोड, कुमावतों की ढाणी, LNT रोड, डिग्गी रोड व PS-2 से जुड़ी फैक्ट्रियां) का संचालन होगा और एरिया-1 पूरी तरह बंद रहेगा। भविष्य में भी 3-3 दिन का यह रोटेशनल चक्र इसी प्रकार जारी रहेगा, हालांकि दोनों क्षेत्रों की प्रिंटिंग इकाइयों को सातों दिन संचालन की छूट दी गई है। CETP के सुचारू संचालन और क्षमता नियंत्रण के लिए सभी सदस्य इकाइयों को अपने प्लांट केवल स्वीकृत क्षमता के अधिकतम 50% पर ही चलाने के निर्देश दिए गए हैं। बंद अवधि के दौरान किसी भी फैक्ट्री के चैंबर में पानी जाने पर सख्त पाबंदी रहेगी, भले ही वह पानी प्रिंटिंग गतिविधि से ही संबंधित क्यों न हो। इसके साथ ही फैक्ट्रियों को CETP से शोधित (Treated) पानी वापस लेना होगा और चालानों का मासिक मिलान SEPD के रिकॉर्ड से कराना अनिवार्य होगा। SEPD ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में 'चैंबर-टू-चैंबर मॉनिटरिंग सिस्टम' लागू किया जा रहा है और बंद अवधि में अवैध रूप से पानी डिस्चार्ज करने या निर्देशों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सिफारिश पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समाचार
सांगानेर कपड़ा उद्योग में लागू हुआ 'वेट क्लोजर': 3-3 दिन के अल्टरनेट रोस्टर से चलेंगी फैक्ट्रियां, 50% क्षमता पर ही होगा उत्पादन
सांगानेर कपड़ा उद्योग में लागू हुआ 'वेट क्लोजर': 3-3 दिन के अल्टरनेट रोस्टर से चलेंगी फैक्ट्रियां, 50% क्षमता पर ही होगा उत्पादन5 अक्टूबर 2026 को 9:15 am बजे

सांगानेर कपड़ा उद्योग में लागू हुआ 'वेट क्लोजर': 3-3 दिन के अल्टरनेट रोस्टर से चलेंगी फैक्ट्रियां, 50% क्षमता पर ही होगा उत्पादन
साझा करेंWhatsApp
