सड़क पर कचरा न फेंकने की अपील की गई है
सांगानेर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष शंकर आंकड़ ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने दुकानों के बाहर सफाई व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि वे हमेशा कचरा डस्टबिन में ही डालें। शंकर आंकड़ ने व्यापारियों को डस्टबिन का अनिवार्य उपयोग करने का निर्देश दिया है। प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान के बाहर गीले और सूखे कचरे के लिए डस्टबिन रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़क पर कचरा न फेंकें। दुकान बढ़ाते समय या दिनभर के दौरान थड़ी, ठेले और दुकानों का कचरा मुख्य सड़क या नालियों में नहीं बहाना चाहिए। सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बाजार में आने वाले ग्राहकों को पॉलीथिन की जगह कपड़े के थैले इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करें। शंकर आंकड़ ने समय पर कचरा निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कचरा गाड़ी आने पर ही कचरा उसमें डालें, खुले में न फेंकें। उन्होंने विश्वास जताया कि सांगानेर का प्रत्येक व्यापारी इस मुहिम में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा और सांगानेर बाजार को जयपुर का सबसे स्वच्छ और आदर्श बाजार बनाने में योगदान देगा।

