जयपुर (मुहाना मंडी): मुहाना मंडी में मंडी प्रशासन और विपणन बोर्ड की बड़ी लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। दुकान संख्या C-236 के पास बने बिना ढक्कन और बिना लोहे की जाली वाले कमजोर चेंबर में सोमवार को एक मालवाहक ट्रक का पहिया बुरी तरह धंस गया। चेंबर का जर्जर ढांचा वजन सह नहीं सका और भरभराकर टूट गया, जिससे गाड़ी में लदे माल के साथ व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
अध्यक्ष पी. एल. प्रजापति ने मौके पर पहुँचकर संभाला मोर्चा
घटना की खबर मिलते ही फल सब्जी संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष पी. एल. प्रजापति तुरंत मौके पर पहुँचे। व्यापारी के हुए नुकसान और मंडी प्रशासन की इस अनदेखी से व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश पनप रहा था और माहौल तनावपूर्ण हो गया था। अध्यक्ष पी. एल. प्रजापति जी ने अपनी सूझबूझ और समझदारी से गुस्साए व्यापारियों को शांत कराया और स्थिति को तुरंत नियंत्रण में लिया।
JEN को फोन कर लगाई फटकार, तुरंत बुलवाई क्रेन
अध्यक्ष पी. एल. प्रजापति जी ने मौके से ही मंडी प्रशासन और संबंधित JEN (कनिष्ठ अभियंता) को फोन कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया और अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने तुरंत क्रेन (ACE Crane) की व्यवस्था करवाकर फंसे हुए ट्रक को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
'लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी' — प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम
मंडी परिसर में जगह-जगह खुले पड़े मैनहोल, नालियों के ओवरफ्लो और गंदगी के आलम पर अध्यक्ष पी. एल. प्रजापति ने गहरा रोष व्यक्त किया अध्यक्ष पी. एल. प्रजापति की चेतावनी: "मंडी में व्यापारियों और वाहन चालकों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से सभी खुले चेंबरों पर लोहे के मजबूत ढक्कन और जालियां नहीं लगवाईं, तो व्यापार संघ प्रशासन के खिलाफ सख्त कदम उठाने को मजबूर होगा।"

