सांगानेर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जयपुर प्रांत के सांगानेर जिले की ओर से सोमवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय सांगानेर में 'युवती सम्मेलन 2026' का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर नारी सशक्तीकरण और राष्ट्र चेतना का संदेश दिया। सम्मेलन की मुख्य वक्ता प्रांत कार्यकारिणी सदस्य दिव्या शर्मा ने कहा कि भारतीय समाज में प्राचीन काल से ही नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं को परंपरागत रूप से शास्त्र और शस्त्र दोनों की शिक्षा दी जाती रही है भारत देश में करीब 71 करोड़ महिलाएं हैं। विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भी बराबर की भागीदारी और जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब महिलाएं स्वयं को शिक्षा, कौशल और नेतृत्व के स्तर पर विकसित करेंगी। इसके लिए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य जैसे पांच परिवर्तनों को जीवन में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने छात्राओं से उच्च शिक्षा हासिल करने, आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सम्मेलन में प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक एवं हिप्नोथेरेपिस्ट डॉ. अमिता शृंगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। डॉ. अमिता शृंगी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए आज की युवतियों के सामने आने वाली विभिन्न मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई, करियर, रिश्तों, सोशल मीडिया और बदलती जीवनशैली के बीच युवतियों के लिए मानसिक रूप से मजबूत और संतुलित रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को अपनी जीवनशैली को बेहतर बनाने, समस्याओं का सकारात्मक तरीके से सामना करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर ‘ना’ कहना सीखने के व्यावहारिक तरीके बताए। साथ ही योग एवं ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित ध्यान और सकारात्मक दिनचर्या को मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया। और विशिष्ट अतिथि के रूप में वंदना गौतम और सिंपल व्यास ने महिला सशक्तिकरण के ऊपर छात्राओ का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन कशिश कुमावत ने किया।कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
समाचार
विकसित भारत के लिए महिलाओं को खुद को विकसित करना होगा - डॉ अमिता श्रृंगी
विकसित भारत के लिए महिलाओं को खुद को विकसित करना होगा - डॉ अमिता श्रृंगी6 अक्टूबर 2026 को 8:28 am बजे

विकसित भारत के लिए महिलाओं को खुद को विकसित करना होगा - डॉ अमिता श्रृंगी
साझा करेंWhatsApp
