खुशी का कारोबार अब लाखों में पहुँच गया
खुशी राणासरिया ने अपने हुनर से कारोबार की नई मिसाल पेश की है। कोरोना काल में घर पर लड्डू गोपाल के लिए एक सुंदर ड्रेस तैयार करने से शुरू हुआ उनका सफर अब एक सफल व्यवसाय का रूप ले चुका है। उन्होंने लगभग पांच हजार रुपए की शुरुआती पूंजी से यह काम शुरू किया था। आज खुशी की आय सीजन में दो लाख रुपए से अधिक हो जाती है। खुशी ने ग्राहकों की पसंद और समारोह की थीम के अनुसार पैकिंग तैयार करना शुरू किया। शादी और सगाई समारोह की पैकिंग में आकर्षक डिजाइन और हाथ से तैयार किए गए सामान को ग्राहकों ने पसंद किया। यही वजह है कि एक बार काम करवाने वाले ग्राहक दोबारा भी उनसे संपर्क करते हैं। चिड़ावा, पिलानी, मुकुंदगढ़, जयपुर और सूरत सहित अनेक जगहों से खुशी को काम मिल रहा है। उनकी ओर से तैयार की गई पैकिंग लोगों को इतनी पसंद आई कि अब उन्हें कई स्थानों से विशेष ऑर्डर मिलने लगे हैं। पारंपरिक तरीके के साथ आधुनिक डिजाइन का मेल उनके काम को खास बनाता है। खुशी ने अपने कारोबार में राखियों को भी शामिल किया है। वह घर पर ही अलग-अलग डिजाइन की हैंडमेड राखियां तैयार कर रही हैं। इसके अलावा दीपावली पर गिफ्ट आइटम की पैकिंग भी ग्राहकों की मांग और पसंद के अनुसार तैयार करती हैं। खुशी के इस सफर में उनका परिवार भी पूरा सहयोग कर रहा है।

