रेलवे सुरक्षा बल ने जोधपुर डीआरएम कार्यालय परिसर से रेलवे केबल चोरी के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। रेलवे टेलीकॉम के सीनियर सेक्शन इंजीनियर मनीष ने आरपीएफ को रिपोर्ट दी थी कि डीआरएम कार्यालय के बरामदे में रखे 500 केबल के दो बंडल चोरी हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तुरंत कार्रवाई की। आरपीएफ पोस्ट जोधपुर के निरीक्षक लक्ष्मण गौड़ के नेतृत्व में टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए वारदात के छह घंटे के भीतर कांता को डिटेन कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि कांता के साथ सीता और गंगा भी शामिल थीं। पूछताछ के बाद शुक्रवार को सीता और गंगा को भी पकड़ लिया गया। कांता (35), सीता (26) और गंगा (34), निवासी सांसी कॉलोनी, पांचबत्ती, रातानाडा को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, रेलवे जोधपुर महानगर के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कांता और सीता के घर से चोरी की गई पूरी केबल बरामद कर ली गई। आरपीएफ के अनुसार कांता पूर्व में भी रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में पकड़ी जा चुकी है और उसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। गंगा बाहर निगरानी करती रही, जबकि कांता और सीता ने केबल चोरी की। रेलवे परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान टूटी दीवार का फायदा उठाकर उन्होंने अंदर प्रवेश किया। तीनों महिलाएं जोधपुर में कचरा बीनने का काम करती हैं।
समाचार
केबल चोरी में तीन महिलाएं गिरफ्तार
24 अगस्त 2026 को 5:33 pm बजे

केबल चोरी में तीन महिलाएं गिरफ्तार
