जयपुर (विशेष प्रतिनिधि): राजधानी जयपुर के भांकरोटा थाना क्षेत्र में सोलर पैनल लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्राहक जितेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने वेदांश सोलर (Vedansh Solar / Vedansh Infraenergy P Ltd) एवं इसके प्रतिनिधियों के खिलाफ परिवाद दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर अग्रिम राशि ऐंठने के बावजूद कार्य पूरा न करने और पैसे वापस मांगने पर टालमटोल करने का आरोप है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान पीड़ित जितेंद्र कुमार ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि उन्होंने विज्ञापन देखकर कंपनी प्रतिनिधि दीपक से संपर्क किया था। कंपनी द्वारा उन्हें 8 किलोवाट सिस्टम के लिए 3,20,000 रुपये का लिखित कोटेशन दिया गया था। सौदा तय होने पर उनसे कार्य प्रारंभ करने हेतु 1,100 रुपये टोकन राशि और 50,000 रुपये नगद वसूले गए, जिसकी डिजिटल स्वीकृति भी दी गई थी। भुगतान प्राप्त होने के बावजूद जब मौके पर कोई काम शुरू नहीं हुआ, तो पीड़ित ने कंपनी के गुर्जर की थड़ी स्थित कार्यालय (472, कटेवा नगर) के चक्कर काटे। वहां उन्हें "मालिक के चीन यात्रा पर होने" का बहाना बनाकर गुमराह किया गया। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि कुलदीप जैन ने काम जल्द शुरू कराने का झांसा देकर 8 अगस्त 2026 को 50,000 रुपये की अतिरिक्त राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करवा ली। वीडियो में अपनी आपबीती सुनाते हुए पीड़ित जितेंद्र कुमार ने स्पष्ट कहा, "मैंने वेदांश सोलर को कुल 1,01,100 रुपये का भुगतान कर दिया है, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी ना तो उन्होंने हमारे यहाँ सोलर पैनल लगाए हैं और ना ही हमारे पैसे रिफंड कर रहे हैं।" अंतिम विकल्प के रूप में पीड़ित ने भांकरोटा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच कांस्टेबल राकेश कुमार के सुपुर्द की गई है। पुलिस वर्तमान में वेदांश सोलर, दीपक एवं कुलदीप जैन के बैंक खातों के लेन-देन, व्हाट्सएप संवाद तथा व्यावसायिक कार्यालय के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
समाचार
वेदांश सोलर के नाम पर लाखों की ठगी, पीड़ित ने कहा- "ना पैसे लौटाए, ना सोलर लगाया", भांकरोटा थाने में परिवाद दर्ज
4 अक्टूबर 2026 को 8:12 pm बजे

वेदांश सोलर के नाम पर लाखों की ठगी, पीड़ित ने कहा- "ना पैसे लौटाए, ना सोलर लगाया", भांकरोटा थाने में परिवाद दर्ज
साझा करेंWhatsApp
