जयपुर भाजपा में पार्षद टिकटों की बंपर दावेदारी
जयपुर। नगर निगम चुनावों की आहट के साथ ही जयपुर में राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुँच गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए कार्यकर्ताओं और दावेदारों में जबर्दस्त होड़ देखने को मिल रही है। अब तक पार्टी स्तर पर पार्षद टिकट के लिए 2,800 से अधिक आवेदन पत्र प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें सबसे अधिक दावेदारी सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से सामने आई है। सांगानेर विधानसभा क्षेत्र मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र होने के कारण वर्तमान में जयपुर की पावर पॉलिटिक्स का मुख्य केंद्र बना हुआ है। सत्ता और संगठन में अपनी पकड़ मजबूत करने और समीकरणों में फिट बैठने के लिए दावेदार हर स्तर पर जोड़-तोड़ और रणनीतिक बिसात बिछाने में जुटे हुए हैं। टिकट पाने की इस होड़ ने सांगानेर के चुनावी मुकाबले को बेहद दिलचस्प और प्रतिस्पर्धी बना दिया है।
